Tuesday, May 1, 2018

सीएम योगी आदित्यनाथ की सौगात, नियुक्ति पत्र मिलते ही खिल उठे सहायक अध्यापकों के चेहरे

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक साल इंतजार के बाद परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक का नियुक्ति पत्र प्राप्त कर अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे हैं। दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त कर उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करने का संकल्प लिया है।

आपको बता दें कि मंगलवार को शहर के दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विवि के दीक्षा भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आठ जिलों के तीन-तीन शिक्षकों को खुद नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान सीएम योगी ने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि सभी को एक नई जिम्मेदारी मिली है। ऐसे में आप सभी संकल्प लें कि बच्चों को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करेंगे।

साथ ही सीएम ने कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षकों को कर्तव्य परायणता एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस मौके पर बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल ने शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने का श्रेय मुख्यमंत्री को देते हुए बेहतर शिक्षा देने की अपील की है। इसके साथ ही इशारों-इशारों में मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर आराम के चक्कर में पड़कर पढ़ाने नहीं गए तो योगी सरकार में नौकरी जाते भी देर नहीं लगती।

No comments:

Post a Comment